CM मोहन यादव का शहीद चंद्रशेखर आजाद के प्रति ऐसा प्रेम! पायलट ने हेलीकॉप्टर उड़ाने से किया इंकार, तो 3 घंटे कार से सफर कर पहुंचे भाभरा
खराब मौसम भी नहीं रोक पाया कदम; बारिश और बादलों के बीच सड़क मार्ग से क्रांतिवीर की जन्मस्थली पहुंचे मुख्यमंत्री, अलीराजपुर को दी ₹356 करोड़ की सौगात

"सर! मौसम बेहद खराब है, आसमान में काले बादल हैं और झमाझम बारिश हो रही है... ऐसे में हेलीकॉप्टर की उड़ान संभव नहीं है।" भोपाल में जब पायलट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से यह बात कहते हुए हेलीकॉप्टर उड़ाने से हाथ खड़े कर दिए। अफसरों को लगा कि शायद अब मुख्यमंत्री का दौरा रद्द हो जाएगा। लेकिन मुख्यमंत्री मोहन यादव का फैसला सुनकर वहां मौजूद अफसर सन्न रह गए। सीएम डॉ. यादव ने तुरंत कहा कि "चाहे जो हो जाए, हमें अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को नमन करने उनकी जन्मभूमि अलीराजपुर जाना ही है। अगर आसमान का रास्ता बंद है, तो हम ज़मीन के रास्ते चलेंगे!"
बिगड़ा मौसम..नहीं डिगा सका सीएम का जज्बा
पायलट के इंकार के तुरंत बाद सीएम का काफिला बिना किसी देरी के सड़क मार्ग से अलीराजपुर के लिए रवाना हो गया। खराब मौसम, लगातार होती बारिश और करीब 3 घंटे का लंबा व थका देने वाला सड़क के सफर के बावजूद सीएम का जज़्बा डिगा नहीं। मुख्यमंत्री तय समय पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की पावन जन्मस्थली चंद्रशेखर आजाद नगर (भाभरा) पहुंचे और क्रांतिवीर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। हालांकि सीएम के अचानक सड़क मार्ग का रूट तय होने से पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया, हालांकि आनन-फानन में पूरे रूट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई।
'बलराम कृषि महोत्सव' में 356.89 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
भाभरा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने वहां आयोजित 'बलराम कृषि महोत्सव' में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शहीद आजाद की पावन धरा से सीएम मोहन यादव ने अलीराजपुर जिले के विकास के लिए बड़ा खजाना खोल दिया। सीएम ने 356.89 करोड़ के विकास कार्यों का उपहार दिया। इसमें 303.34 करोड़ की लागत वाले नए विकास कार्यों का भूमि-पूजन तथा 53.55 करोड़ के पूर्ण हो चुके जनहितकारी कार्यों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।
सोशल मीडिया पर तारीफों का दौर
ख़राब मौसम और हेलीकॉप्टर की उड़ान रद्द होने के बावजूद शहीद की जन्मस्थली पहुंचने के सीएम के इस निर्णय की प्रदेशभर में चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग सीएम मोहन यादव के इस कदम और देशभक्ति के जज़्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं।


टिप्पणियाँ (0)
पहली टिप्पणी आप करें।