मप्र पुलिस में बंपर भर्ती: एक ही दिन में 9,662 पदों को हरी झंडी, CM मोहन यादव का बड़ा फैसला!
मुख्यमंत्री बोले- 'मध्य प्रदेश पुलिस को बनाएंगे देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस', गृह विभाग करेगा 18 हजार पदों पर भर्ती

मध्यप्रदेश पुलिस को हाई-टेक, सशक्त और देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बल बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 9 हजार 662 पदों पर सीधी भर्ती के स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं। बड़ी बात यह कि गृह विभाग मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पास है और उन्होंने एक ही दिन इतने पदों पर भर्ती का बड़ा कदम उठाया है। बता दें कि मप्र सरकार द्वारा चलाए गए पदोन्नति अभियान में रिकॉर्ड 25 हजार पुलिसकर्मियों को प्रमोशन देने के बाद अब नए पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को युद्धस्तर पर की जाएगी।
भर्ती का पूरा गणित: जानें किस श्रेणी में स्वीकृत हुए कितने पद?
गृह विभाग द्वारा जारी 4 अलग-अलग स्वीकृति आदेशों के तहत कुल 9,662 अराजपत्रित पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी:
आरक्षक (जीडी): 7,500 पद
आरक्षक (चालक): 1,000 पद
सूबेदार व सब-इंस्पेक्टर कैडर (507 पद):
उपनिरीक्षक (जिला पुलिस बल): 312 पद
उपनिरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल/विसबल): 69 पद
सूबेदार: 81 पद
एसआई (अंगुल चिन्ह/फिंगरप्रिंट): 22 पद
एसआई (आयुध): 10 पद
एसआई (फोटोग्राफी): 09 पद
एसआई (क्यूडी): 04 पद
मंत्रालयीन/अधिनस्थ स्टाफ (655 पद):
सहायक उपनिरीक्षक/ASI (अ): 520 पद
सूबेदार (अ) शीघ्र लेखक: 135 पद
18 हजार भर्तियों का लक्ष्य, सितंबर में प्रमोशन का तोहफा
कुल 18,000 पदों पर भर्ती: मुख्यमंत्री ने कुल 18 हजार पदों को भरने के निर्देश दिए हैं। स्वीकृत 9,662 पदों के अलावा शेष पदों के लिए भी जल्द आदेश जारी किए जाएंगे।
सितंबर में पदोन्नति का अगला चरण: प्रमोशन से शेष रह गए अधिकारियों और कर्मचारियों को चक्रीय क्रम (Rotation Basis) में पदोन्नत करने के आदेश सितंबर माह में जारी किए जाएंगे।
पिछले साल 8,500 पदों पर हुई थीं भर्ती
पिछले वर्ष स्वीकृत किए गए 8,500 पदों के बाद इस वर्ष 9,662 पदों की यह मंजूरी प्रदेश के युवाओं के लिए खाकी पहनने का सुनहरा अवसर लेकर आई है। इस फैसले से जहाँ एक ओर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
सुरक्षा तंत्र को मजबूत करेंगे
"मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने की दिशा में हमारी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। नक्सलवाद का सफाया होने के बाद अब प्रदेश के विकास और सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने में पुलिस बल की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होगी।"
- डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री


टिप्पणियाँ (0)
पहली टिप्पणी आप करें।